जिले के रावला मंडी में जमीनी विवाद के चलते हुई पारिवारिक मारपीट के मामले में घायल पवन कुमार पुत्र बृजलाल की 23 फरवरी को इलाज के दौरान मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता बृजलाल मानसिक रूप से परेशान रहने लगा, जिसके चलते उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान 27 फरवरी को उसकी भी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार 12 फरवरी को जमीनी विवाद को लेकर परिवार के ही लोगों के बीच जमीनी विवाद के चलते झगड़ा हो गया था, जिसमें पवन कुमार के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। प्रारंभिक इलाज के बाद उसे बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल रैफर किया गया, जहां 23 फरवरी को उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पवन की पत्नी ममता ने 14 फरवरी को रावला पुलिस थाने में अपने ससुर बृजलाल और देवर प्रदीप व लख्खन के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया था। पवन की मौत के बाद पुलिस ने इस मामले को हत्या के आरोप में तब्दील कर दिया।
पवन की मौत के बाद पुलिस ने पहले से गिरफ्तार बृजलाल को 17 फरवरी को अनूपगढ़ के उप कारागृह भेज दिया। जेल में बेटे की मौत की खबर सुनकर वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और उसकी तबीयत खराब हो गई। जेल प्रशासन ने उसे पहले अनूपगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया, फिर हालत बिगड़ने पर श्रीगंगानगर और बाद में बीकानेर रैफर किया गया, जहां इलाज के दौरान 27 फरवरी को बृजलाल की भी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।