प्रदेश के गंगानगर में भारतमाला सड़क पर गुरुवार को एक टैंकर से पेट्रोल का रिसाव होने से करीब 7 हजार लीटर पेट्रोल सड़क पर फैल गया। हालांकि सड़क से गुजर रहे लोगों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रिसाव नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू हुई। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ का यातायात रोक दिया गया। जानकारी के अनुसार टैंकर में कुल 28 हजार लीटर पेट्रोल था।
ये भी पढ़ें: यात्रीगण ध्यान दें: मानसून के दौरान कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव, अगर इन ट्रेनों में पहले टिकट कराया तो देखें
टैंकर का बोरिंग टूटने से हुई घटना
जानकारी के अनुसार टैंकर का बोरिंग टूटने की वजह से यह रिसाव शुरू हुआ। थर्मल चौकी प्रभारी ओमप्रकाश मान का कहना है कि इस घटना से बड़ा हादसा हो सकता था लेकिन सही समय पर सूचना मिलने से समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई। फायर बिग्रेड ने भी मौके पर पहुंचकर फोम का छिड़काव किया, जिससे घटना कोई बड़ा रूप नहीं ले पाई।
गौरतलब है कि पिछले साल जयपुर में भी कैमिकल से भरा टैंकर के फटने से भयंकर हादसा हो गया था। इससे लगी आग की चपेट में सैकड़ों वाहन और आसपास के भवन भी आ गए थे और कई लोग इस भीषण आग में जिंदा जलकर मर गए थे।