शॉर्ट सर्किट से बल्ड बैंक में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
शहर के जवाहर नगर स्थित स्वास्तिक ब्लड बैंक की बिल्डिंग में शनिवार शाम अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि इस दौरान काफी नुकसान हो गया। राहत की बात यह रही कि ब्लड बैंक में काम कर रहा स्टाफ समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आया।
आग की लपटें उठती देख सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग इतनी भयंकर थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और पूरे इलाके में धुएं का गुब्बार छा गया। ब्लड बैंक के निकट कई अस्पताल स्थित हैं, जिससे वहां भर्ती मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। यदि आग और फैल जाती, तो अस्पताल और आसपास के घरों को भी नुकसान हो सकता था।
फायर ब्रिगेड की टीम ने बताया कि उन्हें शनिवार को 3:35 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत दमकल वाहन रवाना किया गया। करीब 4:10 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आग ब्लड बैंक के बाहर लगे बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी, जिसके बाद पास में लगी फाइबर शीट ने आग पकड़ ली।