राजस्थान की गुलाबी नगरी जयपुर में 18 जनवरी से होने वाले कांग्रेस के दो दिवसीय चिंतन शिविर की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। हालांकि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव राहुल गांधी को कहां पर ठहराया जाए, इसको लेकर प्रदेश नेताओं में असमंजस की स्थिति है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपने प्रवास के दौरान राजभवन में ठहरेंगे। इसके अलावा दो हजार नेताओं के लिए राजधानी में 35 होटल बुक कराए जा चुके हैं। पार्टी हाईकमान ने पांच सितारा या भव्य होटल बुक नहीं कराने का आदेश दिया है। इसकी वजह से तीन सितारा, बजट, आईटीडीसी और आरटीडीसी के होटल ही बुक कराए गए हैं। शिविर में हिस्सा लेने के लिए 200 बड़े नेता हवाई मार्ग से आएंगे।
शिविर के लिए शहर को चमकाने के प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री और आला नेता निजी होटलों में ही ठहरेंगे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मेहमानों की व्यवस्था के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। शिविर की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अंबिका सोनी, पार्टी के राजस्थान प्रभारी मुकुल वासनिक, सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल व पार्टी के केंद्रीय कोषाध्यक्ष मोतीलाल बोरा मंगलवार को जयपुर पहुंचे।
प्रोटोकॉल के लिए 70 अधिकारी
केंद्रीय मंत्रियों, राज्य मंत्रियों व बड़े नेताओं के प्रोटोकॉल के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 70 अधिकारी तैनात किए जाएंगे। शिविर की सुरक्षा के लिए जयपुर के बाहर से 134 पुलिस अफसर बुलाए गए हैं, जिसमें डीआईजी से लेकर इंस्पेक्टर तक शामिल हैं।