सिरोही जिले के आबूरोड सदर पुलिस थाना क्षेत्र में मोरडू कट के समीप बुधवार शाम करीब 5 बजे एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन घायल को तुरंत सहायता नहीं मिल सकी।
बहन की दवाई लेकर लौट रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, जालौर हाल आमथला निवासी ऋतिक पुत्र गोविंद कुमार अपनी बहन की दवाई लेकर ट्रॉमा सेंटर से बाइक पर लौट रहा था। तलेटी-आमथला मार्ग पर मोरडू कट के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
भीड़ मौजूद रही, मदद करने में देरी
हादसे के बाद घायल युवक काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ ने उसे उठाकर अस्पताल पहुंचाने के बजाय दूरी बनाए रखी। कई लोग तो घटना का वीडियो बनाते नजर आए, जिससे मानवीय संवेदनाओं पर सवाल खड़े होते दिखाई दिए।
पढ़ें- 'नौकरी-मुआवजा बाद में, पहले मौत का बदला मौत': रिटायर्ड फौजी की हत्या पर छलका बेटी का दर्द, देखें वीडियो
कांग्रेस नेता अजय बंजारा ने दिखाई तत्परता
इसी दौरान वहां से गुजर रहे कांग्रेस नेता अजय बंजारा ने स्थिति को देखते हुए तुरंत रुककर आबूरोड सदर पुलिस थाना को सूचना दी। इसके बाद उन्होंने स्वयं घायल युवक को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही आबूरोड सदर पुलिस थाना के एएसआई जितेंद्र वैष्णव मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक को हटवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।