2.60 किवंटल डोडा पोस्त तस्करी के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
सिरोही जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सरूपगंज पुलिस थानाधिकारी कमलसिंह की अगुवाई में टीम द्वारा धोलानाडा, पीएस आरजीजीटी जिला बाड़मेर निवासी जोगाराम पुत्र ठाकराराम जाट (सारण) को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई में पुलिस थाना सरूपगंज के कांस्टेबल दिनेशकुमार, बाबुलाल, गोपीलाल, दिनेश कुमार, तेजाराम एवं पुखराज सम्मिलित रहे। इस मामले में पुलिस द्वारा पूर्व में अज्ञात आरोपियों का पता लगाकर आरोपी गोरधनराम व हीराराम को गिरफ्तार किया गया था। जबकि, प्रकरण में वांछित आरोपी जोगाराम जो अवैध डोडा पोस्त से भरे वाहन के आगे अपनी ब्रेजा कार जीजे 06 जेक्यू 5083 से आरोपी हीराराम के साथ एस्कोर्ट कर रहा था। गठित टीम द्वारा प्रकरण में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिरी तंत्र एवं तकनीकी सहायता एवं आरोपी जोगाराम पुत्र ठाकराराम जाट (सारण) को दस्तियाब कर पूछताछ की गई। आरोपी के अपना जुर्म स्वीकार करने के बस उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
5 मई 2024 का है मामला
पुलिस के अनुसार 5 मई 2024 को पुलिस थाना पिंडवाड़ा द्वारा नाकाबंदी की गई थी। उस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा वहां से तेजगति से गुजर रही गुजरात पासिंग एक ब्रेजा विटारा जेडडीआई कार को रोकने का इशारा किया गया था। इसे देखकर कार चालक द्वारा कार को वापस पिंडवाड़ा की ओर घुमा लिया गया तथा भागने लगा। इस पर कार का पीछा किया गया तो चालक कार को रेलवे ब्रिज की तरफ भगाकर ले जाते हुए कार को छोड़कर चालक व उसका साथी झाड़ियों में भाग गए थे। इनकी तलाश की मगर दोनों आरोपी घनी झाड़ियां होने से दस्तयाब नहीं हुए थे। कार को चेक किया गया तो उसमें 2.60 क्विंटल डोडा पोस्त पाया गया। इस पर एनडीपीसी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।