सिरोही जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिंडवाड़ा थानाधिकारी भवानीसिंह राजावत के नेतृत्व में इस अभियान के तहत पुलिस ने हंसराजजी का खेड़ा, थाना कानोड, जिला उदयपुर निवासी शंकरलाल पुत्र नाथुलाल जाट को गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच में सामने आया कि 8 मार्च 2024 को तत्कालीन उपनिरीक्षक पन्नालाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसमें बताया गया था कि शंकरलाल ने स्विफ्ट वीएक्सआई कार में 4 प्लास्टिक के कट्टों में 43 किलोग्राम डोडा पोस्त का परिवहन किया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। इस कार्रवाई में पिंडवाड़ा पुलिस थानाधिकारी भवानीसिंह राजावत, कांस्टेबल जीवाराम और अरजी शामिल रहे।
युवा उद्यमियों के लिए जागरूकता कार्यशाला का आयोजन
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र द्वारा विश्वकर्मा कौशल केंद्र, बरलूट में युवाओं और उद्यमियों के लिए जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आईटीआई बरलूट के छात्रों और स्थानीय युवाओं को राज्य सरकार की स्वरोजगार योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान की निदेशक डॉ. सुनीता जैन ने किया। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के सहायक आयुक्त अनंत आर्य ने राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना-2024, डॉ. भीमराव अंबेडकर दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार के लिए 25 लाख रुपये तक की मार्जिन मनी सब्सिडी और 9 प्रतिशत तक ब्याज अनुदान दिया जाता है। इस योजना के तहत जिले में बेकरी उद्योग, टैक्सी सर्विस और ऑयल मिल जैसे कई सफल उद्यम स्थापित किए गए हैं।
पढ़ें: जोधपुर में आर्मी जवान ने सर्विस रिवॉल्वर से की आत्महत्या, सेना की निगरानी में जांच जारी
इसके अलावा, राज्य सरकार ने बजट 2025-26 में विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना की घोषणा की है, जिसमें युवाओं को ब्याज और मार्जिन मनी अनुदान प्रदान किया जाएगा।
कार्यशाला के दौरान विश्वकर्मा कौशल विकास केंद्र के प्राचार्य भरत परमार ने युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जिले में उपलब्ध उद्योगों की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विवेक रावल, दिलीप कुमार, कृष्णा कुमार मीना, नरेश दवे सहित कई स्थानीय युवाओं ने भाग लिया।