8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन की शनिवार को सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। रविवार को आबूरोड से माउंट आबू मार्ग पर सुबह 5:30 बजे से 9 बजे तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। सुबह 6 बजे सांसद लुंबाराम चौधरी, आबू-पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया एवं ब्रह्माकुमारीज के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया जाएगा। इसके साथ ही 4 हजार से अधिक रनर्स जमीन से पहाड़ तक 21.9 किलोमीटर की दौड़ लगाएंगे। विजेता प्रतिभागियों को 3 श्रेणियों में पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
दादी प्रकाशमणि की पुण्य स्मृति में हो रही मैराथन
बता दें कि ब्रह्माकुमारीज संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में यह हॉफ मैराथन आयोजित की जा रही है। मैराथन के संयोजक बीके सचिनभाई ने बताया कि 9 अगस्त को मनमोहिनीवन से सुबह 6 बजे इसका शुभारंभ होगा।
विदेशी रनर्स भी दिखाएंगे दम, CRPF संभालेगी सुरक्षा
मैराथन में अफ्रीका, केन्या, इथोपिया, जर्मनी, अमेरिका सहित नेपाल से भी रनर्स भाग ले रहे हैं। मैराथन में वालेंटियर सेवा और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए आबूरोड और माउंट आबू के सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस दौरान सीआरपीएफ के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। सभी प्रतिभागियों के लिए सुबह 5 बजे ट्रैक पर पहुंचना जरूरी है।
दौड़ से पहले रनर्स ने किया राजयोग मेडिटेशन
रनर्स के लिए विशेष थ्रीएम राजयोग मेडिटेशन रिट्रीट का आयोजन किया गया। इसमें संस्थान के अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजयभाई ने कहा कि एक रनर का शारीरिक रूप से फिट होना जितना जरूरी है, उतना ही मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ होना भी जरूरी है। मन शक्तिशाली होगा तो मंजिल और लक्ष्य को प्राप्त करना आसान हो जाता है।
राजयोग मेडिटेशन से जीवन को सुखद बनाने का संदेश
संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके सुदेश दीदी ने कहा कि अपने जीवन में राजयोग मेडिटेशन को शामिल करेंगे तो जीवन सुखदायी बन जाएगा। परमात्मा का साथ और मदद हर मोड़ पर आपको विजयी बनाएगी। राजयोग प्रशिक्षक बीके सूरज भाई ने रनर्स को जीवन में सकारात्मक चिंतन बढ़ाने और परमात्मा की मदद लेने की छोटी-छोटी विधियां बताईं।
यह भी पढ़ें:
राजस्थान में प्रसूताओं की मौत: डॉक्टर की गैरमौजूदगी में नर्सिंग स्टाफ ने कराई डिलीवरी, अस्पताल का लाइसेंस रद्द
रनर्स को जीवन में बदलाव का संकल्प लेने की अपील
सीए बीके ललित भाई ने कहा कि सभी प्रतिभागी यहां से जीवन में बदलाव के लिए एक संकल्प लेकर जरूर जाएं। इस मौके पर अभियंता प्रभाग के अध्यक्ष बीके मोहन सिंघल भाई, वरिष्ठ राजयोगी बीके प्रकाश भाई, बीके नारायण भाई, बीके शिविका बहन, बीके भानुभाई और बीके अमरदीप भाई ने भी अपने विचार व्यक्त किए।