डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
- फोटो : अमर उजाला
सिरोही में गुरुवार को उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सहकारिता मंत्री गौतम दक, पंचायतीराज मंत्री ओटाराम देवासी एवं प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी सिरोही हवाई पट्टी पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और सिरोही की तलवार भेंट की। स्वागत के दौरान स्थानीय समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया गया।
विभिन्न कार्यक्रमों के लिए रवाना हुए नेता
हवाई पट्टी से उपमुख्यमंत्री और अन्य नेता जीवित महोत्सव, पैलेस क्षेमंकरी माता रोड और भीनमाल के लिए रवाना हुए। मार्ग में जावाल, कालंद्री और बरलूट मंडलों के भाजपा कार्यकर्ताओं ने माला और साफा पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
कॉलेज प्रोफेसर को लेकर उठी शिकायत
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिरोही कॉलेज में कार्यरत प्रोफेसर भगवानाराम विश्नोई के संबंध में शिकायत रखी। नगर मंडल अध्यक्ष चिराग रावल ने बताया कि गत शुक्रवार को एनसीसी की छात्राओं ने महिला थाना सिरोही में प्रोफेसर के खिलाफ अभद्रता को लेकर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: 'विधायक निधि जनता की अमानत, स्टिंग ऑपरेशन की निष्पक्ष जांच से सामने आए सच्चाई', बोले विधायक भाटी
कार्रवाई न होने पर जताई गई नाराजगी
शिकायतकर्ताओं का कहना था कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अब तक प्रोफेसर के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी और न ही कॉलेज आयुक्तालय द्वारा उन्हें निलंबित किया गया। नगर मंडल की ओर से तत्काल प्रभाव से निलंबन की मांग की गई।
उपमुख्यमंत्री के आदेश पर एपीओ
मामले को गंभीरता से लेते हुए पंचायतीराज मंत्री ओटाराम देवासी ने उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा से बातचीत की। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर भगवानाराम विश्नोई को एपीओ किए जाने के आदेश जारी किए गए। इस अवसर पर जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, जिला महामंत्री नरपतसिंह राणावत, भाजपा वरिष्ठ नेता वीरेन्द्रसिंह चौहान, प्रधान हंसमुख मेघवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कार्रवाई को लेकर अपनी बात रखी और नेतृत्व के प्रति विश्वास जताया।