सिरोही में पावापुरी तीर्थ जीव मैत्रीधाम की 25वीं ध्वजारोहण आगामी 11 फरवरी (मंगलवार) को आचार्य भगवंत उदयवल्लभसूरी और ह्रदयवल्लभसूरी महाराज ठाणा के सानिध्य में होगा। ध्वजारोहण के पहले 10 फरवरी को भगवान शंखेश्वर पाश्र्वनाथ और महावीर स्वामी चैमुखा जलमंदिर में अठारह अभिषेक विधि कारक समकित शाह विधि-विधान के साथ कराएंगे। इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी महावीर जैन ने बताया कि दो आचार्य और 25 मुनिराज का पावापुरी में मंगल प्रवेश आठ फरवरी को सुबह होगा। 10 फरवरी को सुबह छह बजे पावापुरी तीर्थ में देवलोक हुए आचार्य भगवंत मेघवल्लभसूरी महाराज के समाधि मंदिर का खनन एवं भूमिपूजन होगा। इसी दिन शाम को पावापुरी ट्रस्ट मंडल की 24वीं वार्षिक बैठक चेयरमैन किशोर एच संघवी की अध्यक्षता में होगी। इसमें ट्रस्ट की वार्षिक गतिविधियों एवं कार्यों की समीक्षा होगी और आगामी 31 जनवरी 2026 को तीर्थ में रजत जंयती महोत्सव आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
ध्वजारोहण के पहले 11 फरवरी को सुबह आठ बजे समाधि मंदिर की आधारशिला रखने के लिए यात्रिक विश्राम घर से गाते बजाते चर्तुविद संघ के साथ समाधि स्थल पर पहुंचेंगे और विधि-विधान से वहां शिलान्यास होगा। उसी दिन मंदिर में 25वें ध्वजारोहण के लिए आचार्य भगवंतो के साथ गाते बजाते मुख्य जिनालय श्रावक-श्राविकाएं पहुंचेंगी और वहां पर पूजन के बाद 10 बजे सभी मंदिरों एवं देहरियों पर ध्वजारोहण होगा। उसके बाद आचार्य भगवंत मुख्य जिनालय परिसर में हित शिक्षा प्रदान करेंगे। समाधि मंदिर शिलान्यास एवं 25वीं ध्वजारोहण के अवसर पर विभिन्न प्रदेशों से श्रद्धालु पावापुरी तीर्थ में पहुंचेंगे। गौरतलब है कि सिरोही जिले में कांडला-सिरोही हाइवे पर यह जैन तीर्थ स्थित है।