जालौर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी ने रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के अंतर्गत आबूरोड में हवाई सेवा शुरू करवाने की मांग को लेकर शुक्रवार को केंद्रीय विमानन मंत्री किंजराजु राम मोहन नायडु से मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय विमानन मंत्री किंजराजु राम मोहन नायडु को सौंपे गए पत्र में बताया गया कि सिरोही जिला नीति आयोग के आकांक्षी जिला के अंतर्गत चयनित है। इसके साथ ही यहा स्थित माउंट आबू विश्वस्तरीय प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है और यहां प्रजापति ब्रह्माकुमारी का अंतराष्ट्रीय मुख्यालय भी है। वर्ष में संपूर्ण विश्व से करीब 20 लाख से ज्यादा अनुयायी यहां आते हैं, जिन्हें हवाई सफर के लिए जोधपुर या अहमदाबाद जाना पड़ता है।
इसके साथ ही पत्र में उल्लेख किया कि यहां 8 बड़े, 12 मध्यम एवं 2982 लघु उघोग स्थापित हैं और 71 किलोमीटर की दूरी पर राजस्थान के ग्रेनाइट नगरी के रूप में जालौर जिला प्रसिद्ध है, जहां 700 से अधिक ग्रेनाइट इकाइयां हैं। यहां से मार्बल और ग्रेनाइट का पूरे विश्व में निर्यात होता है। उन्होंने उड़ान योजना के अंतर्गत सिरोही स्थित मानपुर हवाई पट्टी से हिंडन हवाई अड्डा तक हवाई जहाज सेवा प्रारंभ किए जाने की मांग की।