माउंटआबू एसडीएम ने विभिन्न बांधों का किया निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
माउंटआबू एसडीएम रविंद्र सालूखे ने जल संसाधन विभाग के अधीन उपखंड क्षेत्र के बतीसा बांध एवं महादेव नाला बांधों का निरीक्षण किया। महादेव नाला में लीकेज की समस्या सामने आने पर इसे रोकने के लिए जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता को तत्काल तक्मीना बनाकर भेजने के आदेश दिए।
इसके साथ ही बत्तीसा बांध की गैलरी का निरीक्षण कर कर्मचारियों को बारिश में मुस्तैद रहने, रोजाना डैम की भराव क्षमता एवं गेज के निरीक्षण करने के लिए पाबंद किया। इस कार्य के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति करने के आदेश दिए। गर्मी के मौसम को देखते हुए तहसील देलदर में पेयजल की व्यवस्था की जानकारी ली।
हैंडपंप एवं पानी की टंकी तथा जीएलआर का भी निरीक्षण किया। आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो इसके लिए देलदर तहसीलदार को आवश्यक कारवाई करने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान देलदर तहसीलदार हुक्मीचंद, जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता नंदकिशोर एवं बतीसा बांध के सहायक अभियंता मनीष साथ में मौजूद रहे।