लेपर्ड के हमले में दो युवक घायल
- फोटो : अमर उजाला
सिरोही जिला मुख्यालय स्थित बाहरी घाटा क्षेत्र में मंगलवार देर शाम लेपर्ड के हमले में मोटरसाइकिल सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया। अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को सूचना देकर बुलवाया।
सामने आए दो लेपर्ड, एक ने बाइक पर लगाई छलांग
जानकारी के अनुसार, सिरोही निवासी चंपत कुमार और सिरोड़ी निवासी करण कुमार पिंडवाड़ा से मोटरसाइकिल पर सिरोही की ओर आ रहे थे। बाहरीघाटा के समीप से गुजरते समय उन्हें सामने दो लेपर्ड दिखाई दिए। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, एक लेपर्ड ने मोटरसाइकिल पर छलांग लगा दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया
घटना देख वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालक रुके और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एक के बाद एक कई वाहनों के रुकने से क्षेत्र में भीड़भाड़ हो गई। इस दौरान लेपर्ड जंगल की ओर भाग गए। घायलों को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। उपचार शुरू होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद दोनों के परिवारजन अस्पताल पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पेटीएम में काम करते थे और कार्य के सिलसिले में पिंडवाड़ा से सिरोही लौट रहे थे।
पढ़ें- Rajasthan News: IT विभाग की बड़ी कार्रवाई; कान्हा फूड चेन के 33 ठिकानों पर छापे, जयपुर में 26 स्थानों पर सर्च
आबादी क्षेत्रों में बढ़ता वन्यजीव मूवमेंट
आबादी क्षेत्रों में वन्यजीवों के आने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे पूर्व अंबाजी हाइवे पर सुरपगला के पास, सिरोही-पालनपुर फोरलेन पर आबूरोड शहर में चांदमारी मस्जिद के पास तथा माउंट आबू सहित विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और आबादी क्षेत्रों में लेपर्ड एवं भालुओं के आने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें एक लेपर्ड की मौत भी हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से आमजन में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।