आबूरोड के पुराना चेकपोस्ट क्षेत्र में शनिवार देर शाम को अंबाजी से अपने गांव उपलागढ़ जा रहे एक युवक को बातों में उलझाकर फिल्मी स्टाइल में मोबाइल छीनने का एक मामला सामने आया है। इसमें मोटर साइकिल पर आए 3 अज्ञात युवकों ने पहले पीड़ित को बातों में उलझाया तथा मौका देखते ही जेब में रखा मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित रीको पुलिस थाना पहुंचा तथा सम्पूर्ण घटना की जानकारी दी।
इस मामले में पीड़ित उपलगढ़ पुलिस थाना आबूरोड सदर निवासी साबूराराम पुत्र पूनमाराम गरासिया ने रिपोर्ट देकर बताया कि रविवार देर शाम करीब साढ़े छह बजे वह अंबाजी भादरवी पूनम मेले में दर्शन कर अपने गांव उलागढ़ जा रहा था। वह आबूरोड में अंबाजी मार्ग स्थित पुराना आर टीओ ऑफिस के पास पहुंचा तो वहां खड़े तीन मोटर साइकिल सवार युवकों ने उसे बातों में उलझाया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता मोटरसाइकिल चला रहे युवक ने अचानक जेब में रखे मोबाइल को छीन लिया तथा रीको कॉलोनी में सेंट एंसलम वाली गली की ओर भाग गए।
शहर में यह कोई पहली घटना नहीं है। शहर एवं आसपास के क्षेत्र में चोरियों एवं लूटपाट की घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इसके बाद भी पुलिस इन पर अंकुश लगा पाने में पूरी तरह से विफल रहने आमजन खामियाजा भुगतने को मजबूर है। सबसे बड़ी एवं खास बात यह है कि गत दिनों गृह राज्य मंत्री के आगमन के दौरान भाजपाइयों ने उनका भी इस ओर ध्यान आकर्षित कर पुलिस की लापरवाही पर खुलकर रोष जताते हुए ठोस कार्रवाई करवाने की मांग की थी, लेकिन, उसका भी कोई नतीजा नहीं निकला।