आबूरोड रीको पुलिस द्वारा खुद को बायोडीजल का मार्केटिंग ऑफिसर बताकर मीटिंग के लिए बुलाने तथा मारपीट कर 10 लाख रुपये मांगने के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनिवाल ने बताया कि इस मामले में 9 फरवरी 2025 को प्रार्थी नेहपाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह बनास में एमएसओ डीजल का काम करता है। 8 फरवरी 2025 को हीना पटेल नाम की महिला ने अपने आप को बायोडीजल की मार्केटिंग ऑफिसर बताते हुए उसे बायोडीजल मीटिंग के संबंध में बातचीत करने के लिए आबूरोड स्थित जोयविला होटल में बुलाया था। तब वह वहां गया और हीना पटेल से बायोडीजल मार्केटिंग के सम्बंध में बातचीत करने लगा। उस दौरान जितेन्द्र परमार व किशोर सिंह सहित 8 लोग वहां आए। उन्होंने उस पर हीना पटेल के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए होटल में कमरे में ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की तथा उसके मोबाइल और रुपये ले लिए। फिर ये लोग उसे एक कार में डालकर ले और 10 लाख रुपये की मांग करने लगे। इस रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आबूरोड रीको पुलिस थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत, उपनिरीक्षक पूराराम, सरूपगंज थानाधिकारी कमल सिंह, पुलिस थाना आबूरोड रीको के कांस्टेबल प्रकाश एवं कांस्टेबल राजवीर सिंह की टीम गठित कर जांच शुरू की गई थी।
इनको किया गया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार इस मामले में दामडी, पुलिस थाना दोवडा, जिला डूंगरपुर निवासी जितेन्द्र परमार पुत्र कालूराम मीणा, एमएम सिंघा कोलोनी, अंबाजी रोङ आबूरोड निवासी किशोरसिंह पुत्र रमेशकुमार राजपूत, शिवाजी नगर, सेक्टर 106, डूंगरपुर निवासी हरिसिंह पुत्र सज्जन सिंह राजपूत, हिम्मतनगर उमियाफली, पुलिस थाना वडाली, जिला साबरकांठा, गुजरात निवासी भरतभाई पुत्र नारायणभाई पटेल, कुशाल मगरी, पुलिस थाना डूंगरपुर सदर निवासी सुनिलकुमार पुत्र राकेशकुमार मीणा, सरोतरा, पुलिस थाना अमीरगढ, जिला बनासकाठा, गुजरात निवासी हनुमानसिंह पुत्र क्रीतिसिंह डाभी, विजय सिंह पुत्र भमर सिंह डाभी, दामडी, पुलिस थाना दोवा, जिला डूंगरपुर निवासी विशाल पुत्र रामजी यादव एवं पटेलवास, बडनगर, पुलिस थाना वडनगर, मेहसाणा, गुजरात निवासी हीना पटेल उर्फ लड्डू पुत्री मुकेशभाई पटेल को गिरफ्तार किया गया है।