चाकू घोंपकर पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति हिरासत में
जिले के सरूपगंज थाना क्षेत्र में ससुराल जाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दुर्गम पहाड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार घटना कालाबोर गांव की है, जहां आरोपी अपनी ससुराल आया हुआ था। इसी दौरान उसका अपनी पत्नी से वापस चलने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने आपा खो दिया और चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पेट पर घातक वार किया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय परिजन घर में मौजूद थे, लेकिन वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें: चित्तौड़गढ़ को केंद्र की बड़ी सौगात; कोटा-चित्तौड़गढ़ रेलखंड दोहरीकरण का रास्ता साफ, फाइनल लोकेशन सर्वे मंजूर
बता दें कि दंपती ने करीब 3-4 महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था। आरोपी पहले से शादीशुदा बताया जा रहा है और पहली पत्नी से उसका एक बच्चा भी है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्रसिंह राठौड़ के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी सुरेश कुमार उर्फ शुबा उर्फ सुबाश को मांडवाड़ा खालसा के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से करीब 5 किलोमीटर पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।
मृतका के पिता की रिपोर्ट के अनुसार 23 अप्रैल को आरोपी ससुराल में ही था और दोपहर करीब 3:30 बजे वापस जाने की बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर उनकी बेटी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि विवाद के कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सके।