कार्यक्रम में आई गाड़ियों की नंबर प्लेट निकालते पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऐस भारत सरकार’ नाम से चल रहे संदिग्ध संगठन का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने लाल बत्ती लगी दो गाड़ियों को जब्त किया है और 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सेंगाल महुड़ी गांव में इस कथित संगठन द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। आरोप है कि संगठन के सदस्य खुद को सरकारी संस्था बताकर आदिवासी ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, दस्तावेजों और मतदान प्रक्रिया को लेकर गुमराह कर रहे थे।
बिना अनुमति लाल बत्ती और सायरन का उपयोग
मामले की शिकायत आदिवासी युवा मंच के प्रदेश सह संयोजक रवि कटारा ने की थी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का संचालन गुजरात के तापी जिले के व्यारा निवासी यशपाल सिंह और उनके साथियों द्वारा किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने लोगों पर प्रभाव डालने के लिए लाल बत्ती लगी गाड़ियों और सायरन का इस्तेमाल किया, जबकि इसके लिए उनके पास कोई वैध अनुमति नहीं थी। गाड़ियों पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ भी पाया गया।
पढ़ें- Jaipur: जयपुर में आज ‘ट्रैफिक जाम का तूफान’, घर से निकलने से पहले जान लें कौन-कौन से रास्ते रहेंगे बंद
नेटवर्क खंगालेगी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ियों को जब्त कर लिया। साथ ही, मौके से 6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। डीएसपी तपेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।