झाड़ोली के समीप बिखरी सब्जियों की बारियां।
- फोटो : अमर उजाला
पिंडवाड़ा-सिरोही फोरलेन पर झाड़ोली के समीप शुक्रवार को सब्जियों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलटी खा गया। बताया जा रहा है कि कार को ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान यह हादसा हुआ है। दुर्घटना में ट्रक चालक घायल हो गया। हालांकि वह मौके से भाग खड़ा हुआ। इसके बाद सब्जियां सड़क पर फैल गईं। इससे यातायात अवरुद्ध हो गया। सूचना मिलने पर पिंडवाड़ा पुलिस थाने के पुलिसकर्मी एवं एनएचआई टीम मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त ट्रक एवं बिखरी सब्जियों को हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया गया।
पुलिस के अनुसार सब्जियों से भरा यह ट्रक नडियाद, गुजरात से सब्जियां भरकर गंगानगर जा रहा था। शुक्रवार सवेरे करीब 6 बजे पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के झाडोली कट के पास सवेरे करीब 6 बजे एक कार को ओवरटेक करते समय एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलटी खा गया। इससे उसमें भरी सब्जियां सड़क पर फैल गई तथा यातायात अवरुद्ध हो गया। क्रेन की सहायता से ट्रक एवं अवरोध को हटवाकर यातायात शुरू करवाया। इस प्रक्रिया में दो घंटे से ज्यादा का समय लगा।
सूत्रों की माने तो जल्दी पहुंचने के प्रयास में सब्जियों से भरे वाहन चालक अक्सर तेज गति से चलते हैं। समय से पहले नीयत स्थान पर पहुंचने पर चालकों को नकद इनाम भी दिया जाता है। इसी फिराक में अक्सर जान जोखिम में डालकर चलते रहते हैं। हालांकि परिवहन विभाग एवं पुलिस की हाईवे पेट्रोलियम टीम मॉनीटरिंग भी रखती है। समय-समय पर वाहन चालकों के चालान भी बनाए जाते हैं, लेकिन बेपरवाही के चलते बार-बार ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं।