कांडला-सिरोही हाइवे पर लोहे की रील से भरे ट्रेलर में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में सिरोही जिले से होकर गुजरने वाले कांडला-सिरोही हाइवे पर रविवार रात लोहे की रीलों से भरे ट्रेलर में आग लग गई। इसके बाद चालक और खलासी ने कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद रोड पर यातायात अवरुद्ध हो गया। इस दुर्घटना की सूचना मिलने पर अनादरा थानाधिकारी सरिता विश्नोई अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने का कार्य शुरू किया। आग बुझाने तक ट्रेलर और उसमें भरी गई लोहे की रीलें जलकर राख हो गई।
बता दें कि दुर्घटना रविवार रात को डबाणी के पास रात करीब 10 बजे की है। लोहे की रीलों से भरा यह ट्रेलर कांडला की ओर से सिरोही जा रहा था। ट्रेलर डबाणी के पास पहुंचा था कि अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते ट्रेलर के एक-एक कर टायर इसकी चपेट में आने के साथ ही उनमें ब्लास्ट होने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
मौके की नजाकत को भांपते हुए चालक और खलासी ने जैसे-तैसे कूदकर अपनी जान बचाई। धमाकों की आवाज के साथ रोड पर आग की ऊंची-ऊंची लपटों को उठता देखकर आसपास के क्षेत्र में मौजूद ग्रामीण और इस दौरान वहां से गुजर रहे वाहन चालक दौड़कर मौके पर पहुंचे। अनादरा पुलिस थाना को सूचना देकर घटना की जानकारी दी गई। कुछ ही देर में पुलिसकर्मी और पानी के टैंकर मौके पर पहुंच गए। आग बुझाने की कवायद शुरू की गई। आग बुझाने तक ट्रेलर और उसमें भरा सामान जलकर राख हो गया।
फिर खली फायर ब्रिगेड की कमी
कांडला-सिरोही हाइवे से गुजर रहा भारी यातायात दवाब वाला मार्ग है। यहां पर आए दिन होने वाले सड़क हादसों में फायर ब्रिगेड की कमी ख़लती है। क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से रेवदर एसडीएम मुख्यालय पर एक फायर ब्रिगेड उपलब्ध करवाने की मांग की जा रही है। लेकिन न तो जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और न ही अधिकारी इस ओर ध्यान देने की जरूरत समझ रहे हैं। ऐसे में आमजन खामियाजा भुगतने को मजबूर हैं।