सिरोही में एक युवती से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, जबरन निकाह और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरोही महिला पुलिस थाना ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपी मोबिनखान अब्बासी और लादेन को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे को पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पीड़िता ने अपनी आपबीती में सात साल से चल रही प्रताड़ना और दुष्कर्म की घटनाओं का खुलासा किया है।
सात साल से चल रही थी प्रताड़ना
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 5 सितंबर 2025 को सिरोही महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि यह मामला सात साल पुराना है। जब वह स्कूल में पढ़ती थी, तब मोबिनखान अब्बासी, दिलावरखान, इलियास सिलावट और 7-8 अन्य लड़के उसे परेशान करने लगे। वे उसका पीछा करते, रास्ता रोककर बात करने की कोशिश करते और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते थे। मोबिनखान ने उसे प्रेमजाल में फंसाने की कोशिश की। छह साल पहले, जब वह स्कूल जा रही थी, मोबिनखान और इलियास सिलावट ने उसे कार में अपहरण कर एक सुनसान जगह पर ले जाकर आपत्तिजनक फोटो खींचे और धमकी दी कि इन्हें वायरल कर देंगे। इसके बाद, उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया और मोबिन के बुलाने पर मजबूरन जाना पड़ता था।
कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2023 में मोबिनखान ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और एक गेस्ट हाउस में ले जाकर दुष्कर्म किया। होश आने पर उसने धमकी दी कि उसकी फिल्म बना ली गई है। इसके बाद कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया गया। 23 अगस्त 2025 को मोबिनखान उसे अजमेर ले गया, जहां एक गेस्ट हाउस में दो बार दुष्कर्म किया। उसे अजमेर दरगाह और तारागढ़ मजार पर भी ले जाया गया। पीड़िता ने बताया कि उसे वश में करने के लिए टोना-टोटका भी करवाया गया। इन घटनाओं ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से तोड़ दिया, लेकिन डर और धमकियों के कारण वह चुप रही।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: खेत सिंह की हत्या को लेकर जोधपुर में पर्यावरण प्रेमियों का प्रदर्शन, 'शहीद' दर्जा देने की मांग
जबरन निकाह और धर्म परिवर्तन का दबाव
पीड़िता ने बताया कि 28 अगस्त 2025 को मोबिनखान ने उस पर जबरन निकाह करने का दबाव बनाया। मोबिन के दोस्त लादेन ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और होटल में ले जाकर टॉर्चर किया। इस दौरान, उसे धर्म परिवर्तन के लिए भी मजबूर किया गया। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए अपने परिवार को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजनों ने उसे पुलिस में शिकायत दर्ज करने के लिए प्रेरित किया। इस शिकायत के आधार पर सिरोही महिला पुलिस थाने ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सिरोही डीएसपी मुकेश चौधरी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर दो आरोपियों मोबिनखान और लादेन को दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया है। लादेन को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मोबिनखान को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ के जरिए अन्य संलिप्त लोगों और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लिया है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या अन्य लोग भी इस अपराध में शामिल थे।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: संदूक से बच्चे के हाथ लगा तमंचा, ट्रिगर दबते ही माथा चीर गई गोली; मासूम की मौत के बाद कमरा सील