मदार-रेवाड़ी-फुलेरा एक्सप्रेस का दिल्ली के सराय रोहिल्ला तक विस्तार
- फोटो : अमर उजाला
खाटूश्याम जी मेले के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने मदार-रेवाड़ी-फुलेरा प्रतिदिन एक्सप्रेस रेलसेवा का विस्तार दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन तक करने का निर्णय लिया है। अब यह रेलसेवा रेवाड़ी के स्थान पर दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन से संचालित होगी, जिससे मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
निर्धारित तिथियों में पांच-पांच ट्रिप का संचालन
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 19617, मदार (अजमेर)-दिल्ली सराय रोहिल्ला प्रतिदिन एक्सप्रेस रेलसेवा 24.02.26 से 28.02.26 तक कुल 05 ट्रिप संचालित की जाएगी। यह गाड़ी मदार (अजमेर) से प्रतिदिन 17.10 बजे रवाना होकर रात्रि 01.30 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।
पढ़ें- Rajasthan: 'दो साल बनाम पांच साल' पर गहलोत का हमला, बोले- किसी भी सरकार ने ऐसा मूर्खतापूर्ण बयान नहीं दिया
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 19620, दिल्ली सराय रोहिल्ला-मदार (अजमेर) प्रतिदिन एक्सप्रेस रेलसेवा 25.02.26 से 01.03.26 तक 05 ट्रिप संचालित होगी। यह गाड़ी दिल्ली सराय रोहिल्ला से प्रतिदिन 02.30 बजे रवाना होकर 09.20 बजे फुलेरा पहुंचेगी।
अतिरिक्त ठहराव और डिब्बों की संरचना
यह रेलसेवा पूर्व निर्धारित ठहरावों के अतिरिक्त पटौदी रोड, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट और दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी। रेलसेवा में 18 साधारण श्रेणी के डिब्बे तथा 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 20 डिब्बे लगाए जाएंगे। रेलवे का उद्देश्य मेले के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाना और अतिरिक्त भीड़ के दबाव को संतुलित करना है।