नीमकाथाना सदर थाना अंतर्गत जीर की चौकी में एक ट्रैक्टर ट्रॉली को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। जिसके चलते ट्रैक्टर ट्राली खाई में गिर गई। हादसे में ट्रैक्टर ट्राली में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलो को जिला अस्पताल में 108 की मदद से पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार किसान चंदगी राम अपने खेत की फसल बेचने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली में डालकर नीमकाथाना आ रहा था कि सामने से आ रहे ट्राले ने टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। ट्रॉली में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें नीमकाथाना जिला अस्पताल में पहुंचाया गया। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। सदर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर ट्रॉली और ट्राले को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल लोगों को राहगीरों ने ट्रैक्टर ट्रॉली से बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार से ट्राला जा रहा था तभी ट्राले ने टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि हादसे में किसान मोनू, चंदीराम और जयकिरण घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।