सीकर के नीमकाथाना में लोकसभा चुनाव में ड्यूटी करने आए गुजरात पुलिस के जवान की अचानक तबीयत खराब होने के बाद मौत हो गई। जवान कमलेश गुजरात के गांधीनगर का रहने वाला था जो की गुजरात पुलिस में तैनात था।
जानकारी के अनुसार जवान कमलेश कुमार माणका (45)खाना खाकर लेटा था, तभी अचानक जवान की तबीयत खराब हो गई। उसे नीमकाथाना जिला अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक अनुज डाल कोतवाली थाना अधिकारी हरि नारायण मीणा भी जाब्ते के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली और जवान के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस उपाधीक्षक अनुज डाल ने बताया कि गुजरात पुलिस में नाई के पद पर कार्यरत जवान खाना खाकर बैरिक में लेटा था। जवान उठा नहीं तो कंपनी के जवान उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों से मृत घोषित कर दिया। फिलहाल जवान के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। कंपनी उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।