खाटूश्यामजी के लिए बाड़मेर से मिलेगी सीधी ट्रेनसेवा (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के सीकर जिले के खाटूश्यामजी मंदिर में हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। खासकर श्यामभक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने बाड़मेर से आने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सौगात दी है। अब खाटूश्यामजी दर्शन के लिए बाड़मेर से सीधे ट्रेन सेवा उपलब्ध होगी।
17 सितंबर से चलेगी विशेष ट्रेन
रेलवे के अनुसार, 17 सितंबर को गाड़ी संख्या 04818 बाड़मेर–जम्मूतवी स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा। यह ट्रेन बाड़मेर स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और उसी रात 10:58 पर रींगस स्टेशन पहुंचेगी। रींगस, खाटूश्यामजी कस्बे से लगभग 17 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। रींगस में 3 मिनट ठहराव के बाद यह ट्रेन रात 11:01 पर आगे जम्मूतवी की ओर रवाना होगी और 18 सितंबर को दोपहर 3:30 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर भी रुकेगी ट्रेन
यह विशेष ट्रेन रास्ते में जोधपुर, रोहतक, जींद, जालंधर और पठानकोट जैसे बड़े स्टेशनों पर भी रुकेगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यदि यात्रीभार अधिक होता है, तो इस विशेष ट्रेन की संचालन अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।
यह भी पढ़ें- RPSC NEWS: कुमार विश्वास की पत्नी डॉ. मंजू शर्मा का RPSC से इस्तीफा मंजूर, SI भर्ती विवाद के बाद लिया फैसला
रींगस से खाटू तक का सफर
चूंकि खाटूश्यामजी मंदिर के लिए सीधे रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है, इसलिए श्रद्धालुओं को रींगस तक ट्रेन से पहुंचना होगा। रींगस से खाटू कस्बा करीब 17 किलोमीटर दूर है। यहां से श्रद्धालु आसानी से टैक्सी, ऑटो और बसों के जरिए मंदिर तक पहुंच सकते हैं।
रेलवे ने दी सुविधा, श्रद्धालुओं में खुशी
रेलवे की ओर से श्यामभक्तों की सुविधा के लिए समय-समय पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाता है। इस नई ट्रेन की घोषणा से बाड़मेर सहित पश्चिम राजस्थान के श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है, क्योंकि अब उन्हें खाटूश्यामजी तक पहुंचने में और सुविधा होगी।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: हरिद्वार से मौत ने किया पीछा! सड़क हादसे में सात लोग मरे फिर नदी में 7 डूबे;रूह कंपाने वाला सिलसिला