सीकर नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत सीकर नगर परिषद सहित जिले की चार नगरीय निकायों में शुक्रवार को मतदान किया गया। दोपहर तक जिले में 55.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सीकर नगर परिषद में 45.48 प्रतिशत, लोसल नगर पालिका में 57.62 प्रतिशत, रामगढ़ शेखावाटी नगर पालिका में 56.78 प्रतिशत और धोद नगर पालिका में 60.70 प्रतिशत मतदान हुआ।
वार्ड 18 में फर्जी मतदान के आरोप से मचा हंगामा
इसी बीच सीकर नगर परिषद के वार्ड नंबर 18 में फर्जी मतदान के आरोप सामने आने से मतदान केंद्र पर हंगामे की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार पुलिस ने फर्जी मतदान करने के आरोप में दो महिलाओं को पकड़ा है। दोनों को पुलिस थाने ले जाया गया। मामले को लेकर मतदान केंद्र के बाहर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जमा रही।
कांग्रेस प्रत्याशी के बेटे पर तीन बार वोट डालने का आरोप
इसी वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी साबिर के बेटे पर भी तीन बार फर्जी वोटिंग करने का आरोप लगा। बताया गया कि आरोपी मतदान केंद्र के रूप में निर्धारित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नंबर 5 के पास एक घर में छिपा बैठा था। सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
मतदान केंद्र के 200 मीटर दायरे में लगी टेबलें हटाईं
वार्ड नंबर 18 के मतदान केंद्र के आसपास प्रत्याशियों के एजेंटों द्वारा लगाई गई टेबलों को लेकर भी पुलिस ने कार्रवाई की। बताया गया कि कई प्रत्याशियों के एजेंटों ने मतदान केंद्र से निर्धारित 200 मीटर की सीमा के अंदर अपनी टेबल लगा रखी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इन टेबलों को हटवा दिया।
यह भी पढ़ें:
बालोतरा नगर पालिका चुनाव: वोट मांगने पहुंचे दो प्रत्याशियों के परिवारों में विवाद, कथित थप्पड़ से बढ़ा हंगामा
धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने संभाली व्यवस्था
मतदान केंद्र के बाहर लोगों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनने पर भी पुलिस ने हस्तक्षेप किया। स्कूल नंबर 5 के बाहर आपस में धक्का-मुक्की कर रहे लोगों को मौके से हटाया गया। पुलिस ने मतदान केंद्र के आसपास भीड़ को नियंत्रित करते हुए व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की।
2.92 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे फैसला
जिले की चार नगरीय निकायों में 2.92 लाख से अधिक मतदाता 537 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। इनमें सबसे ज्यादा प्रत्याशी सीकर नगर परिषद में हैं, जहां 65 वार्डों में 262 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सभी निकायों के मतों की गिनती 14 सितंबर को होगी।