भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के रविवार देर शाम सिरोही जाते समय सरूपगंज टोल नाका पर शिव सैनिकों ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा पर आमजन के साथ वादाखिलाफी और विश्वासघात करने का आरोप भी लगाया गया।
परिवर्तन संकल्प यात्रा के सरूपगंज टोल नाका पहुंचने से पूर्व यूपी राज्य प्रमुख जनार्दन शर्मा, जिला प्रमुख रमेश रावल, आबूरोड शहर प्रमुख लालाराम खारवाल, तहसील प्रमुख नरेश लोधी, स्वरूपगंज प्रखंड प्रमुख नरेंद्रसिंह, रोहिड़ा नगर प्रमुख हरिदास वैष्णव, पिंडवाड़ा युवा सेवा सतीश प्रजापत, महेश रावल, जीतू रावल, पंकज मकवाना, गोविंद हीरागर, मनोज प्रजापत, देवजी रावल, दीपक रावल एवं ईश्वर रावल आदि यहां पहुंच गए। जैसे ही यात्रा टोलनाका से गुजरी शिव सैनिकों ने काले झंडे दिखाकर इसका विरोध किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि गत चुनाव के समय सांसद देवजी पटेल ने आदर्श सोसाइटी के निवेशकों को गुमराह कर वोट तो हासिल किए थे। मगर उनके द्वारा आदर्श सोसाइटी में जमा धन राशि लौटाने को लेकर जो वादा किया गया था उसे पूरा करने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे आदर्श सोसाइटी निवेशकों में भाजपा के प्रति आक्रोश व्याप्त है। भाजपा एक भी वादे पर खरी नहीं उतरी है। सरूपगंज एवं आसपास के क्षेत्रों में निवासरत लोग रेलवे विभाग द्वारा बनाए गए अंडर ब्रिजों से परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बारिश में अधिकांश अंडरब्रिज से आवाजाही करना मुश्किल होता है। लोगों की सुनने वाला कोई इसलिए यह प्रदर्शन किया गया है। इस दौरान वंदेमातरम एवं भारत माता के जयकारों के साथ शिवसेना तथा बालासाहेब ठाकरे के पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे।
पूर्व में ही दी थी यात्रा का विरोध प्रदर्शन की चेतावनी
इस मामले में शिवसेना जिला प्रमुख रमेश रावल के मुख्य अतिथ्य में पिंडवाड़ा मंडल के पदाधिकारियों की बैठक हुई थी। उसमें भाजपा पर लोगों को गुमराह कर वोट लेने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि अब सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए भाजपा की परिवर्तन यात्रा का विरोध करने की चेतावनी दी गई थी।