राजस्थान के बाड़मेर जिले में शनिवार सुबह सिलेंडर फटने से तीन मंजिला मकान ढह गया। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। धमाके से आसपास के तीन मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
मकानों के मलबे में दो दर्जन लोग दब गए और कम से कम दो दर्जन लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन की हालत नाजुक है। मौके पर राहत अभियान जारी है। जानकारी के मुताबिक बाड़मेर के घनी आबादी वाले क्षेत्र चिंदड़ियों का जाल के नजदीक रह रहे आसूराम सोनी के मकान में घरेलू गैस सिलेंडर फट गया।
धमाका इतना तेज था कि इस तीन मंजिला मकान के साथ सटे तीन और मकान क्षतिग्रस्त हो गए। दोपहर तक कुछ लोगों को मलबे से निकाला गया और अन्य लोगों की तलाश जारी थी।
घायलों को जोधपुर अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर कलेक्टर सहित पुलिस अधिकारी और स्थानीय विधायक भी पहुंचकर राहत कार्य की देखरेख कर रहे हैं।