राजस्थान के जोधपुर में एक व्यक्ति ने प्रेमिका और उसकी मां को कार से कुचल दिया और खुद भी नहर में कूद गया। घटना तिंवरी जिले की है। बताया जा रहा है कि आरोपी सुखाराम (45) तिंवरी की गवारिया बस्ती में रहता है और सात बच्चों का बाप है। उसका तिंवरी की वैष्णव कालॉनी में रहने वाली एक युवती से प्रेम संबंध था। लड़की के घर वालों ने उसकी शादी तय कर दी जिससे आरोपी नाराज हो गया।
आरोपी सुखाराम गुरुवार सुबह करीब 11 बजे लड़की और उसकी मां को कार में बैठाकर बाहर ले गया। कुछ देर तक इधर-उधर घूमाने के बाद सुखाराम ने मां-बेटी को घर से कुछ दूर स्थित संस्कार स्कूल के पास पटवार भवन के पीछे उतार दिया।
वह घर की ओर बढ़ी ही थीं कि पीछे से सुखाराम ने कार से दोनों को कुचल दिया। कार से कुचलने के बाद आरोपी ने प्रेमिका के सिर पर पत्थर से कई वार किए। इसके बाद वह कार लेकर अपने घर पहुंचा। वहां से स्कूटर लेकर इलाके से ही गुजरने वाली नहर पर गया और नहर में कूद गया।
एसडीआरएफ की तीन टीमें देर रात तक नहर में युवक को तलाशती रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। माना जा रहा है कि या तो युवक फरार हो गया या उसका शव बह गया। टीमों ने नहर में कूदने वाली संभावित जगह से करीब तीन किमी तक बहाव में जालियां भी लगाई हैं। मथानिया थानाधिकारी गौतम डोटासरा ने बताया कि सुखाराम गवारिया का प्रेमिका के घर आना-जाना था।