सवाई माधोपुर जिले के भूरी पहाड़ी क्षेत्र में करौली जिले की सीमा में मंगलवार देर रात बनास नदी की हाड़ौती रपट पर पानी के तेज बहाव में बजरी से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर सहित पानी में बह गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस एवं प्रशासन को दी। ग्रामीणों की सूचना पर सपोटरा एसडीएम, तहसीलदार एवं थानाधिकारी मौके पर पहुंचे। लेकिन रात का अंधेरा होने के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया गया। इसके बाद बुधवार सुबह बनास में बहे ट्रैक्टर-टॉली और ड्राइवर को तलाशी को लेकर एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
इस दौरान टीम ने नदी के बहाव क्षेत्र में और गहराई में ट्रैक्टर ड्राइवर और ट्रैक्टर को तलाशने की कोशिश की। लेकिन कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी ट्रैक्टर ड्राइवर और ट्रैक्टर-ट्रॉली का कोई पता नहीं लगा। फिलहाल, एसडीआरएफ की टीम ट्रैक्टर ड्राइवर को खोजने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार, रात करीब नौ बजे रवि बैरवा निवासी मांगरोल तहसील सपोटरा जिला करौली बजरी भरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भूरी पहाड़ी सपोटरा की तरफ जा रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर ड्राइवर ने हाड़ौती रपट पर पानी के तेज बहाव की बीच आगे चल रहे तीन ट्रैक्टरों को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली रपट से बनास में गिर गया और पानी के तेज बहाव बह गया।
फिलहाल, भूरी हाड़ौती रपट पर तीन फीट पानी चल रहा है। यहां बनास नदी का बहाव काफी तेज है, जिसकी वजह से यह हादसा सामने आया। हादसा करौली जिले में होने के चलते फिलहाल मौके पर सपोटरा एसडीएम, तहसीलदार, थानाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीम द्वारा बनास नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।