पुलिस नाकाबंदी में कार से बरामद हुई भारी मात्रा में नकदी
- फोटो : अमर उजाला
सवाई माधोपुर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश से दिल्ली ले जाई जा रही एक स्कॉर्पियो कार से एक करोड़ 11 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। इस मामले में कार सवार पांच संदिग्धों को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार नकदी के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
संदिग्ध वाहन रोकने पर हुआ खुलासा
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह मीणा और सीओ हंसराज बैरवा के निर्देशन में जिलेभर में नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में रवांजना डूंगर और मानटाउन थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी के दौरान मध्यप्रदेश से दिल्ली जा रही एक स्कॉर्पियो कार को रोका। वाहन की आगे और पीछे की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी और कार सवारों के हाव-भाव संदिग्ध प्रतीत हुए।
तलाशी में सीट के नीचे मिले नोटों के बैग
पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पीछे की सीट के नीचे बैग मिले, जिनमें 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों के बंडल रखे हुए थे। बैंक से नोट गिनने की मशीन मंगवाकर गिनती कराई गई, जिसमें कुल राशि एक करोड़ 11 लाख रुपये पाई गई।
यह भी पढ़ें- Sirohi Accident: माउंट आबू से लौट रही ट्रैवल्स बस हादसे का शिकार, सेफ्टी वॉल से टकराकर पलटी; 18 यात्री घायल
वैध दस्तावेज नहीं होने पर नकदी जब्त
पुलिस के अनुसार आरोपी नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। शुरुआती पूछताछ में अवैध संग्रहण और परिवहन की आशंका पाए जाने पर पुलिस ने धारा 106 बीएनएस के तहत नकदी को जब्त कर लिया। मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दी गई।
आयकर विभाग की जांच और गिरफ्तार आरोपी
सूचना मिलने पर आयकर विभाग की टीम थाना रवांजना डूंगर पहुंची और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक राठौर निवासी तलवाड़ा डेम जिला बड़वानी, विश्वनाथ साहु निवासी सोनाघाटी जिला बैतूल, सचिन जायसवाल निवासी सलावद जिला खरगोन, सुदामा कुशवाहा निवासी बडोगरी जिला दतिया और राकेश मरकाम निवासी मरकाम ढाना जिला छिंदवाड़ा, सभी मध्यप्रदेश के निवासी, के रूप में हुई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।