इलाके की लड़ाई को लेकर बाघिन रिद्धि और उसकी बेटी आमने-सामने आ गए। दोनों बाघिनों की लड़ाई में मां रिद्धि के पैर में चोट आई है, जबकि बेटी के कान पर गहरा घाव है। वन विभाग दोनों बाघिनों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।
रणथंभौर टाइगर रिजर्व में एक बार फिर इलाके को लेकर बाघिन रिद्धि (टी-124) और उसकी बेटी के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। मां-बेटी के बीच हुई इस टेरिटोरियल फाइट में दोनों बाघिनें घायल हो गई हैं। घटना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर है और दोनों बाघिनों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार रणथंभौर के लेक एरिया पर वर्चस्व को लेकर बाघिन टी-124 रिद्धि और उसकी बेटी टी-2504 आमने-सामने आ गईं। इस संघर्ष में मां रिद्धि के पैर में चोट आई है, जिसके चलते वह लंगड़ाती हुई दिखाई दी, जबकि बेटी के कान पर गहरा घाव पाया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर रणथंभौर के आरओपीटी रेंजर अश्विनी प्रताप सिंह और टाइगर रिजर्व के वेटरनरी ऑफिसर डॉ. सी.पी. मीणा टीम के साथ जोन नंबर तीन पहुंचे और दोनों बाघिनों का निरीक्षण किया। वन विभाग द्वारा फोटोग्राफ और फील्ड ऑब्जर्वेशन के आधार पर यह आकलन किया जा रहा है कि दोनों बाघिनें कितनी गंभीर रूप से घायल हैं।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघों और बाघिनों के बीच क्षेत्र को लेकर आपसी टकराव की घटनाएं आम हैं। फिलहाल वन विभाग की टीम दोनों बाघिनों पर कड़ी नजर बनाए हुए है।