सवाई माधोपुर में मंगलवार दोपहर जमुवाय कॉलेज के छात्रों ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। जमुवाय कॉलेज के संचालक पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन और कॉलेज संचालक के बीच मिली भगत का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
विज्ञापन
छात्रों ने कलेक्ट्रेट परिसर में घुसने का भी प्रयास किया जिसे लेकर पुलिस और छात्रों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए पांच छात्रों को हिरासत में लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में ही बैठा दिया। पुलिस की ओर से हिरासत में लिए गए छात्रों की रिहाई की मांग को लेकर छात्र कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठ गए। ट्रैफिक जाम होने से वाहनों को डायवर्ट कर निकाला गया। छात्रों ने इस दौरान मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर विरोध जताया।