सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर नेशनल पार्क में इन दिनों टाइगर की खूब साइटिंग हो रही है। टाइगर साइटिंग के साथ ही पर्यटकों को लेपर्ड साइटिंग का एक यादगार लम्हा भी देखने को मिला। रणथंभौर के जोन नंबर दो में जंगल सफारी पर पहुंचे पर्यटकों ने एक लेपर्ड को सांभर का शिकार करते हुए देखा, जिसे उन्होंने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि सवाई माधोपुर में तीन जिप्सी पर्यटकों से खचाखच भरी हुई कच्ची सड़क पर जोन नंबर दो में ठहरी हुई है। उन टूरिस्ट जिप्सी के सामने ही लेपर्ड एक सांभर को शिकार करके ले जा रहा है। लेपर्ड ने पर्यटकों के सामने अपने दांतों और मजबूत जबड़े से सांभर के गले को पकड़ा और सड़क के दूसरी ओर ले जाने लगा। बीच में रास्ते पर लेपर्ड ने नुमाइश के लिए सांभर की लाश को ऐसे रखा, जैसे वो पर्यटकों को खुद अपने शिकार की नुमाइश कर रहा हो। इसे देखकर सैलानी रोमांचित हो उठे।
क्या है पूरा घटनाक्रम?
पर्यटक रणथंभौर के जोन नंबर दो में जंगल सफारी पर गए थे। यहां उन्हें शानदार लेपर्ड साइटिंग देखने को मिली। पर्यटकों को यहां लेपर्ड के दीदार हुए। पर्यटकों ने लेपर्ड को सांभर का शिकार करते अपनी आंखों से देखा। शिकार करने के बाद लेपर्ड अपने शिकार को टूरिस्ट ट्रैक पर खिंचता हुआ दिखाई दिया।
इस दौरान यहां मौजूद पर्यटक वाहन लेपर्ड को रास्ता देने और ये पल देखने के लिए रुक गए, जिसके बाद लेपर्ड अपने शिकार को मुंह से खींचकर ट्रैक से दूर ले गया। जहां उसने अपने शिकार का लुत्फ उठाया। इस पूरे लम्हें को यहां मौजूद पर्यटकों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। लेपर्ड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसे लोग खूब पसंद भी कर रहे हैं।