सवाई माधोपुर जिले में एक बार फिर मानसून सक्रिय है। विगत दो दिनों से जिले भर में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। कल रात भी लगातार रुक-रुककर बारिश हुई, जो अब भी इसी तरह से जारी है । विगत दो दिनों से लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते एक बार फिर जिले के सभी नदी-नाले ऊफान पर हैं। जगह-जगह हो रहे जलभराव ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
बारिश के चलते जिले की चंबल सहित बनास, गलवा और मोरल नदी में फिर से पानी की आवक तेजी से बढ़ रही है और सभी नदी-नाले ऊफान पर हैं। जिला मुख्यालय सहित जिले भर के नालों में पानी का तेज बहाव होने से लोगों को आवागमन में परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। बनास और गलवा नदी में ऊफान आने से करीब दो दर्जन गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट चुका है।
चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में हुई तेज बारिश से चौथ माता सरोवर ओवर फ्लो हो गया है। बनास में आए ऊफान से सवाई माधोपुर से चौथ का बरवाड़ा-शिवाड़ होकर जयपुर जाने वाला सड़क मार्ग बंद है, जिससे शिवाड़ क्षेत्र के कई गांवों का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क कट गया है। अब प्रदेश में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। बारिश को लेकर प्रशासन भी अलर्ट है।