सवाई माधोपुर में एसीबी ने बाटोदा थनाधिकारी रामकेश मीणा सहित दलाल कुंजीलाल मीणा निवासी ठिगरिया को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा। एसीबी के एएसपी सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया, एक परिवादी द्वारा एसीबी कार्यालय पर एक परिवाद दिया गया था, जिसमें बताया गया था कि बाटोदा थनाधिकारी रामकेश मीणा द्वारा अवैध बजरी की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां निकालने की एवज में प्रति ट्रॉली 20 हजार रुपये की मासिक बंदी मांगी जा रही है।
परिवादी ने बताया कि थानाधिकारी चार अवैध बजरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने की एवज में चार लोगों से 80 हजार रुपये मासिक बंदी मांग रहा था। परिवादी की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने की एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। परिवादी की शिकायत पर एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया और ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसीबी के एएसपी सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि बाटोदा थनाधिकारी रामकेश मीणा खुद तो एविडेंस पर जिला मुख्यालय आ गया और दलाल कुंजीलाल मीणा को परिवादी से रिश्वत के पैसे लेने के लिए बाटोदा बस स्टैंड पर भेज दिया। परिवादी ने जैसे ही दलाल को पैसे दिए, वैसे ही एसीबी ने दलाल कुंजीलाल मीणा को 20 हजार रुपये के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।
वहीं, थानाधिकारी रामकेश मीणा को जिला मुख्यालय से गिरफ़्तार किया गया। एसीबी द्वारा थानाधिकारी और दलाल से पूछताछ की जा रही है। एसीबी द्वारा दोनों आरोपियों को भरतपुर एसीबी कोर्ट में पेश करेगी। बड़ी बात ये है कि महज दो महीने में ही एसीबी की पुलिस के खिलाफ ये तीसरी बड़ी कार्रवाई है। बावजूद इसके सवाई माधोपुर पुलिस सुधारने का नाम नहीं ले रही।