दिल्ली में आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजस्थान के सवाई माधोपुर के रणथंभौर स्थित होटल नाहरगढ़ में दिल्ली प्रांत के भाजपा नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष सहित दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज, पूर्व मंत्री विजय गोयल, राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर समेत दिल्ली के सभी सांसद व दिल्ली प्रांत की भाजपा की कोर कमेटी के सभी नेता रणथंभौर में हैं। दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर रणथंभौर के होटल नाहरगढ़ में बैठकों का दौर जारी है।
आज बैठक आयोजित होने से पूर्व संगठन महामंत्री बीएल संतोष के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा कोर कमेटी के नेता रणथंभौर स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर पहुंचे, जहां सभी नेताओं ने त्रिनेत्र गणेश की पूजा-अर्चना की और देश में अमन-चैन एवं भाईचारा कायम रखने के साथ ही दिल्ली जीतने की कामना की। त्रिनेत्र गणेश मंदिर के प्रधान सेवक हिमांशु गौतम सभी नेताओं से त्रिनेत्र गणेश की पूजा करवाई। इस दौरान राजस्थान भाजपा के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल ने नेताओं का माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
गणेश जी के दर्शन के बाद होटल नाहरगढ़ में बैठकों का दौर शुरू हुआ, जिसमें संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर सुझाव भी लिए और सभी सुझावों पर मंथन कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। अब देखना यह होगा कि दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर दिल्ली से सैकड़ों किलोमीटर दूर रणथंभौर स्थित होटल नाहरगढ़ में बनाई गई भाजपा की रणनीति कितनी सफल हो पाती है। दिल्ली भाजपा कोर कमेटी की बैठक पूर्ण रूप से गुप्त रखी गई थी। बैठक में ना तो राजस्थान के किसी भाजपा नेता को एंट्री दी गई और ना ही बैठक के बारे में मीडिया को कोई जानकारी दी गई।