बीजेपी के उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया।
- फोटो : अमर उजाला
बीजेपी के उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने सीएम अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा-बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान को पहली वंदे भारत ट्रेन की सौगात दी है। पूरे देश में 2014 से लेकर आज तक कनेक्टिविटी के तौर पर चाहे हवाई यातायात हो, रेल यातायात हो, सड़क यातायात हो, एक अभूतपूर्व और क्रांतिकारी कार्य हुए हैं। खासतौर पर अब रेलवे आम जनता की रेल बनी है, सुविधायें विकसित हुई हैं, नवाचार हुए और इसी क्रम में देश में 800 वंदे भारत चलना, जो कश्मीर से कन्याकुमारी तक और कच्छ से कामरूप तक पूरे देश को जोड़ेंगी, यातायात सुरक्षित होगा, सुगम होगा और आरामदायक होगा।
देश में भ्रष्टाचार की जनक कांग्रेस पार्टी
जब प्रधानमंत्री ने कुछ बातों का पृष्ठभूमि में उल्लेख किया, जिसका किसी पार्टी से, किसी व्यक्ति से प्रत्यक्ष रूप से कोई संबंध नहीं था। ऐसे में प्रदेश के मुख्यमंत्र अशोक गहलोत की प्रतिक्रिया किस्से-कहानियों के रूप में बड़ी लंबी चौड़ी आई है। मुख्यमंत्री को याद दिलाना चाहता हूं, स्मरण करना चाहता हूं कि इस बात से वो इत्तेफाक रखें या नहीं रखें, लेकिन हिन्दुस्तान की जनता जानती है कि देश में भ्रष्टाचार की जनक कांग्रेस पार्टी है। आकाश से लेकर पाताल तक कोई ऐसा क्षेत्र छोड़ा नहीं जिसमें भ्रष्टाचार नहीं हुआ हो। इसलिये देश में नवीनीकरण और नवाचार की बात आती है, सुविधाओं और सहूलियत की बात आती है, तो आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है और जिसमें प्रतिदिन 10 करोड़ के लगभग लोगों की आवाजाही होती है।
मुख्यमंत्री ने सियासी रंग दिया, उनके पेट में दर्द हो रहा
पूनिया बोले-आने वाले समय में रेलवे में और ज्यादा क्रांतिकारी परिवर्तन होंगे और इसी बात का उल्लेख करते हुए कोई प्रत्यक्ष रूप से प्रधानमंत्री का कोई मंतव्य दिखता नहीं था, लेकिन मुख्यमंत्री ने इसको सियासी रंग दिया है और जिस तरीके से राजनीतिक बात कही है। अपनी सरकार की उपलब्धियां हर कोई उसको बताएगा, जिसका आम जनता से ताल्लुक रहता है। उसमें भी मुख्यमंत्री के पेट में दर्द हो रहा है कि देश में इस तरीके से रेलवे में अभूतपूर्व कार्य कैसे हुए। जिसका माइलेज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके दल को कैसे मिलता है, इस बात की तकलीफ है। जो काम कांग्रेस के कालखण्ड में नहीं हुआ। आज यदि इस तरीके की नई योजनायें बनती हैं और भारत दुनिया का अच्छा विकसित नेटवर्क बनता है तो उस पर मुख्यमंत्री को सियासत नहीं करना चाहिये।