इस साल के अंत में राजस्थान में विधानसभा चुनाव होने हैं। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं वैसे-वैसे प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बनते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस-भाजपा दोनों ही दलों में उठापटक मची है। अब कोटा जिले में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। सांगोद के कांग्रेस एससी मोर्चा के अध्यक्ष अपने 100 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए। सांगोद कस्बे के मालियान सभागार में भाजपा प्रदेश महामंत्री व रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर ने सभी को भाजपा की सदस्यता दिलवाई।
दरअसल, कोटा जिले के सांगोद कस्बे में कांग्रेस एससी मोर्चा के अध्यक्ष दीपक जेलिया और सहवरित पार्षद मनीष घेंघट के नेतृत्व में 193 बाल्मिकी, रेगर और मेघवाल समाज के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री व रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर, पूर्व विधायक हीरालाल नागर और जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल मौके पर मौजूद रहे। मालियान सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सभी भाजपा में शामिल हुए।
भाजपा के पूर्व विधायक हीरालाल नागर ने कहा कि हमारी पार्टी की नीति हमेशा से सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की रही है। भाजपा के दिग्गजों ने अखंड भारत का सपना देखा है वो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने पर ही पूरा होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नियत में ही खोट है, एससी वर्ग का कांग्रेस ने कभी भला नहीं किया। केवल उन्हें वोट बैंक बनाने के लिए योजनाएं कागजों पर बनाईं गईं। इससे एससी वर्ग का वोट बैंक अब अपने आप को ठगा सा महसूस करने लगा है।
भाजपा में शामिल हुए दीपक जेलिया ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के वक्त सांगोद क्षेत्र के एससी वर्ग के लोगों से जो वादे किए थे वो पूरे नहीं हुए। बजरी चोरी छिपे बिक रही है। इससे एससी वर्ग के सैंकड़ों दिहाड़ी मजदूर जो कारीगरी के पेशे पर अपना घर परिवार को चलाते थे, वे चार साल से बेरोजगार घूम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा पर विश्वास रखते हुए हम स्वेच्छा से पार्टी में शामिल हुए हैं। सांगोद नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में एससी के लोग भाजपा की विचारधारा से जुड़े हैं। इस मौके पर पूर्व विधायक हीरालाल नागर ने कहा कि एससी वर्ग के लोगों ने भाजपा की विचारधारा के प्रति जो विश्वास किया है उस पर हम खरा उतरने की कोशिश करेगें।
समारोह में पूर्व विधायक हीरालाल नागर, जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, उपप्रधान ओम नागर अडूसा, भाजपा देहात जिला उपाध्यक्ष दिलीप गर्ग, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गोपाल सोनी, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद सोनी, पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा, पार्षद रामावतार वर्मा, कृष्ण कुमार गर्ग, प्रवीण गर्ग, महेन्द्र प्रजापति, जितेन्द्र घेंघट, वरिष्ठ नेता राजेन्द्र प्रसाद शर्मा सहित कई भाजपाई मौजूद थे।