मृतका गोमी (फाइल फोटो) और उसकी बेटी की मौत की जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सलूम्बर थाना क्षेत्र के बनोड़ा गांव में शनिवार रात मां-बेटी द्वारा जहरीला पदार्थ खाने से दोनों की मौत हो गई। यह घटना स्थानीय प्रेमचंद पटेल के घर की बताई जा रही है, जिसने पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया।
रात में बिगड़ी तबीयत, दरवाजा तोड़ना पड़ा
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात प्रेमचंद, उनकी पत्नी गोमी (40) और 17 वर्षीय बेटी ने साथ भोजन किया। इसके बाद मां-बेटी एक कमरे में सोने चली गईं, जबकि प्रेमचंद बरामदे में सो गए। रात करीब एक बजे उल्टी की आवाज सुनकर उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ना पड़ा। अंदर दोनों बेसुध अवस्था में मिलीं।
अस्पताल ले जाने के बाद किया गया रेफर
परिजनों और पड़ोसियों की मदद से दोनों को तुरंत सलूम्बर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, उदयपुर ले जाते समय रात करीब तीन बजे रास्ते में गोमी ने दम तोड़ दिया। वहीं बेटी को एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच उसकी भी मौत हो गई।
पढ़ें- कीटनाशक ने ली जान: पानी समझकर गट-गट पी गया युवक, खेत में ही तबीयत बिगड़ी; इलाज के दौरान टूट गई सांसें
पुलिस जांच और आशंका
सलूम्बर थाना पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मां ने पहले बेटी को जहरीला पदार्थ दिया और बाद में खुद भी खा लिया। हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
परिजनों ने मांगी जांच
प्रेमचंद पटेल, जो खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ने पुलिस को रिपोर्ट देकर मामले की जांच की मांग की है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।