सलूंबर जिले की परसाद थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें राजस्थान और गुजरात से चोरी की गई बाइकें भी शामिल हैं।
सलूंबर की परसाद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में परसाद थाना क्षेत्र से चोरी हुई बाइक के अलावा गुजरात, उदयपुर और सलूंबर क्षेत्र से चोरी की गई अन्य बाइकें शामिल हैं। पुलिस के अनुसार 26 अप्रैल 2026 को परसाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि राजपूत मोहल्ला निवासी परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि अपनी मोटरसाइकिल रात घर के आंगन में खड़ी की थी, जो सुबह गायब मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
विज्ञापन
निशानदेही पर चोरी की 10 बाइक बरामद
मामले के खुलासे के लिए पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मुखबिर तंत्र, तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लालुराम उर्फ ललित पुत्र रमेश मीणा निवासी सरूपाल खेरिया फला, थाना टीडी व विजय पुत्र होमेश मीणा निवासी डेलवास रजोल फला, थाना परसाद को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 10 बाइक बरामद की गईं।
पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान और गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी करना कबूल किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी के कई मामलों में संलिप्त रहे हैं तथा विभिन्न थानों में इनके खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।