सलूंबर में कार्रवाई करता रसद विभाग का दल
- फोटो : अमर उजाला
देश और प्रदेश में एलपीजी की सहज आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयासों के बीच प्रशासन कालाबाजारी और नियमों के उल्लंघन पर लगातार नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में सोमवार को सलूंबर जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों के अवैध भंडारण और उनके व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान पांच प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें व्यावसायिक गतिविधियों में उपयोग किए जा रहे चार घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए गए।
टास्क फोर्स और रसद विभाग ने किया निरीक्षण
जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने बताया कि जिला रसद अधिकारी जगदीश बामणिया और डीएसपी हेरंब जोशी के नेतृत्व में गठित टास्क फोर्स तथा रसद विभाग के प्रवर्तन स्टाफ ने सलूंबर क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर जाकर जांच की। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि कुछ स्थानों पर घरेलू गैस सिलिंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था, जो नियमों के विरुद्ध है।
पढ़ें- LPG Crisis: विवाह सीजन से पहले एलपीजी सप्लाई पूरी तरह सामान्य होगी: सुमित गोदारा
सिलिंडर जब्त कर प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू
मौके पर कार्रवाई करते हुए टीम ने चार घरेलू गैस सिलिंडर जब्त कर लिए। अधिकारियों के अनुसार घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग एलपीजी (आपूर्ति एवं वितरण) आदेश-2000 के प्रावधानों का सीधा उल्लंघन है। इस संबंध में संबंधित व्यक्तियों से सुपुर्दगी पत्र लिया गया और नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पूर्व में बांसवाड़ा में भी हुई थी कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति में कमी के बीच कालाबाजारी की सूचना पर प्रशासन अन्य जिलों में भी कार्रवाई कर चुका है। इससे पहले बांसवाड़ा में खांदू कॉलोनी क्षेत्र में दो मकानों की जांच के दौरान अवैध भंडारण और रिफिलिंग का मामला सामने आया था। इस मामले में सेवानिवृत्त पटवारी सहित दो लोगों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।