नदी से बाइक निकालती एसडीआरएफ की टीम
- फोटो : अमर उजाला
जिले झल्लारा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। घर से स्कूल के लिए निकले समोडा स्कूल में पदस्थापित शिक्षक वीरभद्र सिंह की बाइक समोडा-झल्लारा मार्ग पर बने पुल से गुजरते समय नदी में बह जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दी गई।
सूचना प्राप्त होने पर एसडीआरएफ की विशेष टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने सबसे पहले नदी के आसपास तलाशी अभियान चलाया, जिसमें शिक्षक की बाइक बरामद कर ली गई। बाइक मिलने के बाद नदी में शिक्षक के बह जाने की आशंका और ज्यादा बढ़ गई है। एसडीआरएफ जवान तेजी से नदी में तलाश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Rajasthan rain update: अब राजस्थान के दक्षिणी हिस्से में सक्रिय हुआ मानसून, 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
इस दौरान मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्रित हो गए। ग्रामीणों के सहयोग से मौके को सुरक्षित कर खोजबीन कार्य तेजी से किया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अमला भी मौके पर मौजूद है। सलूम्बर थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह वाघेला, सलूम्बर तहसीलदार मयूर शर्मा और झल्लारा तहसीलदार अर्जुन सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सुबह के समय नदी पर जलभराव अधिक रहता है, ऐसे में पुल से गुजरते समय खतरा बढ़ जाता है। माना जा रहा है कि अचानक संतुलन बिगड़ने से शिक्षक नदी में गिर गए होंगे। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम लगातार खोजबीन कर रही है लेकिन शिक्षक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है।