भारत-चीन सीमा पर विवाद पर राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बयान दिया है। सचिन पायलट ने मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि घटना के पांच दिन बाद सरकार का स्टेटमेंट आया है। यह नई बात नहीं है। सरकार को इस मुद्दे पर विपक्ष को विश्वास में लेकर चर्चा करनी चाहिए।
सचिन पायलट ने बुधवार को सवाई माधोपुर में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत-चीन सीमा पर विवाद पर पूरा देश सरकार के साथ खड़ा है लेकिन बिना पारदर्शिता लाए, हम कैसे आगे बढ़ेंगे। केंद्र सरकार को सच्चाई के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए। अगर सीमा पर चीन अतिक्रमण करना चाहता है तो उसका मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने ईआरसीपी (ERCP) को लेकर भी केंद्र सरकार पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले में राजनीति कर रही है, जो ठीक नहीं है। मोदी सरकार ने समय रहते कुछ किया नहीं है। जबकि पीएम मोदी दो बार राजस्थान आकर इसके लिए वादा कर चुके हैं। सरकार को अपने वादा पर कायम रहना चाहिए। जबकि वो मामले को फंसा रही है।
भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को सवाईमाधोपुर में थी। इस दौरान सचिन पायलट ने यात्रा को लेकर कहा कि राहुल गांधी की यात्रा को अपार जनसमर्थन मिल रहा है। उम्मीद से ज्यादा लोग आ रहे हैं। राहुल गांधी प्यार, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दे रहे हैं।