कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने रविवार को कहा कि हमारी पार्टी अकेले दम पर राजनीतिक रूप से भाजपा को चुनौती दे सकती है और लोगों के सामने एक विकल्प दे सकती है। अपने टोंक विधानसभा क्षेत्र में राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री पायलट ने कोरोना वायरस रोधी टीके की कथित कमी को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा।
पायलट ने कहा, 'भारत टीका उत्पादन का केंद्र है लेकिन सरकार अपने ही लोगों के लिए टीके की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति सुनिश्चित करने में नाकाम रही है। लोग महंगाई से परेशान हैं और बदलाव चाहते हैं। कांग्रेस अकेली ऐसी पार्टी है जो भाजपा को चुनौती दे सकती है और लोगों को एक विकल्प उपलब्ध करा सकती है।' टोंक में उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
विज्ञापन
वहीं, राजस्थान कैबिनेट में होने वाली संभावित फेरबदल को लेकर अपनी उम्मीदों के सवाल पर सचिन पायलट ने कहा कि ऐसे मुद्दों पर पार्टी के अंदर सही मंच पर चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा, एआईसीसी के महासचिव और राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन ने प्रदेश कांग्रेस समिति के साथ एक बैठक की थी। इस दौरान विस्तार से चर्चा की गई थी और अब कहने को कुछ भी बाकी नहीं है।