राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट शनिवार को टोंक के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायल पालड़ा के नवाबपुरा सहित अन्य गांव में विभिन्न कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इससे पहले पायलट ने टोंक सर्किट हाउस में जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की जानकारी ली।
सभा को संबोधित करते हुए पायलट ने कहा कि भाजपा ने पिछले आठ-नौ साल में जनता की आवाज को दबाने का काम किया है। ईडी, सीबीआई औइ इनकम टैक्स विभाग के जरिए दूसरी पार्टी के नेताओं पर झूठे मुकदमें दर्ज कराकर उन्हें डराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे जनता के मुद्दों को पुरजोर तरीके से ना उठा सके।
पायलट ने कहा- दिल्ली में बैठी भाजपा सरकार का एक ही काम है कि उनसे वैचारिक और राजनैतिक मतभेद रखने वाले लोगों को डराया-धमकाया जाए। जनता की आवाज को दबाकर और मनमाने तरीके से सत्ता में रहा जाए। भाजपा ने महंगाई को बढ़ाया है, युवा विरोधी अग्निवीर योजना को लागू किया, किसान विरोधी कानून बनाए और जब विपक्ष के नेता जनता के इन मुद्दों पर बोलते हैं तो जांच एजेंसियों के माध्यम से उनकी आवाज को दबाने का काम किया जाता है। यह व्यवस्था स्वस्थ्य लोकतंत्र के लिए हानिकारक है।
सचिन पायलट ने कहा- ये चुनावी साल है, अब नये-नये नेता, नये-नये राजनैतिक दल आपके बीच आएंगे। आपको धर्म, जाति, भाषा और लिंग के नाम पर बहकाने की कोशिश करेंगे। लेकिन, आपको उनके बहकावे में नहीं आकर विकास के मुद्दों पर चर्चा करनी होगी। जिन लोगों ने आपके सुख-दुःख में साथ दिया, क्षेत्र में विकास किया है, उन्हें राजनैतिक ताकत देकर उनके हाथों को मजबूत करना होगा।
पायलट ने कहा कि हमने बीते चार साल में बिना भेदभाव के काम किया है, कुछ काम रह गएं हैं, उन्हें भी जल्द पूरा करवाया जाएगा। जनता के विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। क्षेत्र में सड़क, पानी और बिजली के काम होने चाहिए, लेकिन मेरा मानना है कि हमारी पहली प्राथमिकता शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में विकास की होनी चाहिए। हमारे बच्चे-बच्चियां जब स्वस्थ्य रहकर, पढ़-लिखकर उच्च पदों पर बैठेंगे तो क्षेत्र का विकास अपने आप ही होगा।