मुख्यमंत्री सहायता कोष से चार लाख रुपए दिलवाने का झांसा देकर सात हजार रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। ठगी के आरोपी दो युवक फरार हो गए।
धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित ने बजाज नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जांच अधिकारी एएसआई धर्मवीर ने बताया कि वारदात मधुवन कॉलोनी टोंक फाटक निवासी प्रहलाद मीणा के साथ हुई। वह गुर्दे में खराबी की बीमारी से ग्रसित है। कुछ दिन पहले प्रहलाद मीणा के पास दो अज्ञात व्यक्तियों का फोन आया। जिन्होंने अपना नाम मुस्कान जाट व दीपक यादव बताया।
आरोपियों ने स्वयं की मुख्यमंत्री कार्यालय में पहचान बताकर प्रहलाद को उपचार के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष से चार लाख रुपए की आर्थिक मदद दिलवाने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने इसके एवज में पीड़ित से 20 हजार रुपए की मांग की लेकिन, मामला सात हजार रुपए में तय हुआ। पीड़ित ने सात हजार रुपए और कागज आरोपियों को दे दिए।
काफी दिनों तक इन दोनों ने प्रहलाद से कोई सम्पर्क नहीं किया और न ही सहायता मिली। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने मुख्यमंत्री कार्यालय के फर्जी दस्तावेज दिखाकर वारदात की। दस्तावेज जब्त कर जांच में जुट गई। वहीं पीड़ित द्वारा दिए गए नम्बरों की जांच गई तो वह नम्बर राजस्थान के बाहर के निकले है तथा वह भी फर्जी पाए गए है।