आरक्षण विरोधी पार्टी के बैनर तले रविवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया गया। आयोजकों के मुताबिक, प्रदर्शन में दिल्ली के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश व जम्मू कश्मीर के लोगों ने भी हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि देश से जातिगत आरक्षण की व्यवस्था को खत्म होना चाहिए। इसकी जगह योग्यता के आधार पर सेवाओं में चयन होना चाहिए।
पार्टी संयोजक दीपक गौड़ ने कहा कि फिलहाल आरक्षण का फायदा अमीर नेता, मंत्री और अधिकारी उठा रहे हैं। दलित और पिछड़ों के नाम पर गरीब व बेसहारा लोगों को ठगा जा रहा है। इसका विरोध करना आम लोगों की नैतिक जिम्मेदारी थी।
वहीं, पार्टी अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि आज आरक्षण वोट लेने का जरिया बन गया है। यह समाज को बांट रहा है। ऐसे में इसे खत्म करना चाहिये। इसकी जगह सेवाओं में चयन का इकलौता आधार योग्यता होनी चाहिये।