राजस्थान से सांसद और मोदी की कैबिनेट में मंत्री निहाल चंद मेघवाल पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली महिला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि मेघवाल को कैबिनेट से हटा दिया जाए।
आरोप लगाने वाली महिला ने राजस्थान के श्रीगंगानगर में अपने परिजनों के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
'मोदी मुझे दिलाएं इंसाफ'
पीड़िता ने कहा कि,"हम सब जानते हैं कि नरेंद्र मोदी अच्छे इंसान हैं और महिलाओं के अधिकारों की बात करते हैं। मुझे नहीं लगता कि मेघवाल जैसे इंसान को उनकी कैबिनेट में होना चाहिए। मैं मोदी जी से मिलने की कोशिश करूंगी और मेघवाल को मंत्री पद से हटाने को कहूंगी, मैं उनसे इंसाफ दिलाने को कहूंगी।"
उन्होंने कहा कि,"यह सब बातें पीएम मोदी से मिलने पर ही संभव हैं लेकिन मैं दिल्ली जरूर जाऊंगी।"
स्टिंग का खंडन
अंग्रेजी अखबार TOI के मुताबिक एक प्राइवेट टीवी चैनल ने स्टिंग किया था जिसमें महिला को यह कहते दिखाया गया था कि मेघवाल ने बलात्कार नहीं किया। इस खबर के ठीक एक दिन के बाद महिला ने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
महिला ने कहा कि,"टीवी चैनल ने जो दिखाया मैं उसकी निंदा करती हूं। मेरे बलात्कार में मेघवाल बराबर का दोषी है। टीवी चैनल में जिस महिला को दिखाया गया है वह मैं नहीं हूं।"
'मेरे ऊपर डाला जा रहा दवाब'
निहाल चंद मेघवाल के खिलाफ महिला ने 2011 में केस दर्ज कराया था। महिला ने बताया कि उसको लगातार धमकियां दी जा रही हैं, फोन और एसएमएस के माध्यम से पैसे का लालच दिया जा रहा है और मेघवाल का नाम वापस लेने का दवाब डाला जा रहा है।
महिला ने कहा कि,"किसी ने कहा कि अगर मैं खामोश रहूं तो मुझे पैसा और नौकरी दोनों दे दी जाएगी। मैं पुलिस से मांग करती हूं कि मेरी सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की जाए।"
मोदी कैबिनेट में राजस्थान से एकमात्र
उन्होंने कहा कि,"मेघवाल का बयान सच नहीं बदल सकता कि उसने दूसरों के साथ मिल कर मेरे साथ क्या किया था।"
43 साल के मेघवाल चार बार सांसद रहे हैं और फिलहाल राजस्थान से मोदी कैबिनेट में इकलौते मंत्री है।