सांसद दीया कुमारी और सीएम अशोक गहलोत।
- फोटो : अमर उजाला
सांसद दीया कुमारी ने सीएम गहलोत को लिखे पत्र में कहा कि स्वर्गीय रामप्रसाद मीणा ने नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार और राजनैतिक दबाव के कारण और मानसिक उत्पीड़न का शिकार होकर आत्महत्या जैसा कदम उठाया। उन्होंने अपने हक के लिए भरसक प्रयास किया, लेकिन नगर निगम, जयपुर और प्रशासनिक तन्त्र के हर पायदान पर उन्हें निराशा ही हाथ लगी। जिसके चलते प्रशासन और सरकार के लिए यह शर्मसार करने वाली घटना घटित हुई।
सांसद दीया ने आगे कहा है कि "मैं खुद मृतक के परिजनों से मिली, उनकी हृदय विदारक पीड़ा को देखकर मुझे बहुत आघात लगा। स्वर्गीय श्री रामप्रसाद मीणा की धर्मपत्नी और दोनों पुत्रियां अपने पति और पिता के साथ हुए अन्याय के बदले न्याय की उम्मीद रखती हैं।" सांसद ने राज्य सरकार से जयपुर की इन बेटियों के मांग पत्र पर तुरंत और ठोस कार्यवाही कराने का आग्रह किया है। इसके अलावा उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक सहायता और भविष्य के लिए सरकारी नौकरी में समायोजन, भ्रष्टाचार करने वाले दोषियों और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग भी की है। जिससे भविष्य में इस तरह की घटना नहीं दोहराई जाए और कोई अन्य परिवार निराश्रित नहीं हो।