राज्यसभा सांसद नीरज डांगी ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए अंतरिम बजट को लेकर कहा कि यह देश के हित में नहीं है। बजट का देश की अर्थव्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। बजट में किसानों, महिलाओं, नौजवानों, नौकरी पेशा और मध्यमवर्ग समेत किसी भी तबके को कोई राहत नहीं दी गई है। इसमें मंहगाई को नियंत्रण करने के लिए भी कोई कारगर प्रावधान नहीं किए गए है।
सांसद नीरज डांगी ने कहा- अंतरिम बजट 2024-25 सिर्फ लोकसभा चुनाव को देखते हुए सरकार के हित में तुरत-फुरत में लाया गया है। अंतरिम बजट में पिछले 10 वर्षों में 2.4 गुणा आयकर रिटर्न फाफल करने वालों में बढ़ोतरी का गुणगान किया गया, जबकि आयकर की स्लैब में पिछले दस वर्षों में कोई बदलाव नहीं किए जाने से देश का हर आदमी इस दायरे में आने से आयकर रिर्टन फाइल करने वाले लोगों की संख्या में बढोत्तरी होना स्वाभाविक है। बजट में रोजगार बढ़ाने को लेकर किसी प्रकार का प्रावधान नहीं किया गया है।
सांसद डांगी ने कहा कि पिछले दशक में देश में बेतहाशा मंहगाई के कारण आमजन को इस बजट में उम्मीद थी कि केन्द्र सरकार मंहगाई रोकने के लिए योजना लाएगी। लेकिन, गरीब, मजदूर, महिलाओं को इस बजट में किसी भी तरह की राहत नहीं दी गई और न ही रोजगार के क्षेत्र में कोई प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा- देश के किसानों, महिलाओं, नौजवानों, नौकरी पेशा और मध्यमवर्ग को इस बजट से बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन केंद्र सरकार ने किसी भी वर्ग को राहत नहीं दी। इस बजट का देश की अर्थव्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा, इससे मंहगाई-बेरोजगारी और बढ़ेगी।